
देहरादून, 5 सितंबर। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शनिवार को उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग की नव नियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में सोशल मीडिया उत्तराखंड के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर संदीप गुप्ता और अक्षित सिंह ने नई टीम का मार्गदर्शन किया।
बैठक से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभिनव थापर ने दोनों राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटरों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
गणेश गोदियाल ने कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया जनसंवाद और संगठन विस्तार का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। कांग्रेस की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाना आवश्यक है।
बैठक में प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक सोशल मीडिया संगठन को मजबूत करने, विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कांग्रेस की सक्रियता बढ़ाने तथा पार्टी की नीतियों, विचारधारा और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही आगामी कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श हुआ।
सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में उत्तराखंड कांग्रेस के सोशल मीडिया संगठन को अधिक सक्रिय, प्रभावी और जनसरोकारों से जुड़ा डिजिटल संगठन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश से बूथ स्तर तक सोशल मीडिया टीम को मजबूत करते हुए कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को तथ्यों के साथ जनता तक पहुंचाया जाएगा।
राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर संदीप गुप्ता ने कहा कि नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर और उनकी टीम के साथ मिलकर संगठन विस्तार के लिए लगातार काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सोशल मीडिया संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए प्रभावी डिजिटल संगठन तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में सोशल मीडिया विभाग के सह-अध्यक्ष भरत शर्मा, समन्वयक मधुसूदन सुंदरियाल सहित नव नियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।








