
हल्द्वानी, 16 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को नैनीताल जिले के चोरगलिया स्थित राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी पहुंचे। यहां उन्होंने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाले में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।
शेर नाला मानसून के दौरान उफान पर आने के कारण क्षेत्र के लोगों के लिए लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ था। पानी बढ़ने पर आवागमन बाधित हो जाता था और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। नए पुल के निर्माण से चोरगलिया क्षेत्र के लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
पुल के लोकार्पण से क्षेत्रीय लोगों ने राहत जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।









