धराली आपदा की पहली बरसी पर कांग्रेस का हमला, पुनर्वास और मुआवजे में सरकार पूरी तरह नाकाम: डॉ. प्रतिमा सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 5 अगस्त। उत्तरकाशी के धराली (भागीरथी घाटी) में 5 अगस्त 2025 को आई भीषण आपदा की पहली बरसी पर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर पुनर्वास और मुआवजे को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि एक वर्ष बीत जाने के बावजूद प्रभावित परिवारों को न तो वास्तविक आर्थिक सहायता मिली और न ही स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था हो सकी।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि धराली बाजार के होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे और सेब के बागानों को भारी नुकसान हुआ, लेकिन प्रभावितों को उनकी वास्तविक क्षति के अनुरूप मुआवजा नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से घोषित राहत राशि नुकसान की तुलना में बेहद कम है और इससे प्रभावित परिवारों का पुनर्निर्माण संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि धराली और हर्षिल घाटी के किसानों के सेब के बाग आज भी तबाही के असर से उबर नहीं पाए हैं। भूमि पुनरुद्धार और दीर्घकालिक आर्थिक सहायता के मोर्चे पर सरकार विफल रही है। साथ ही, विस्थापित परिवार अब भी अस्थायी ठिकानों और किराये के मकानों में रहने को मजबूर हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने चारधाम यात्रा मार्ग की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर अस्थायी मार्ग और हालिया भू-धंसाव की घटनाएं दर्शाती हैं कि स्थायी एवं वैज्ञानिक समाधान नहीं किए गए हैं।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने चेतावनी दी कि यदि आपदा प्रभावितों को उनकी वास्तविक क्षति के आधार पर उचित मुआवजा और स्थायी पुनर्वास नहीं मिला तो जनता इसका जवाब 2027 के विधानसभा चुनाव में देगी। उन्होंने कहा कि भागीरथी घाटी के लोगों की उपेक्षा अब और बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें