नई खेल नीति में स्पेशल खिलाड़ियों के लिए होंगे विशेष प्रावधान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 11 जुलाई। उत्तराखंड सरकार नई खेल नीति में विशेष श्रेणी (स्पेशल कैटेगरी) के खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रावधान करेगी। खेल मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को देहरादून स्थित हिमाद्री आइस रिंक में आयोजित ‘स्पेशल ओलंपिक भारत नेशनल चैंपियनशिप फिगर एंड स्पीड स्केटिंग’ के उद्घाटन समारोह में यह घोषणा की।

उन्होंने कहा कि सरकार विशेष खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास, बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाओं और आर्थिक सहायता के लिए नई खेल नीति में ऐतिहासिक प्रावधान शामिल कर रही है। उन्होंने कहा कि सामान्य खिलाड़ियों की तुलना में विशेष खिलाड़ियों को अधिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, इसलिए उन्हें अतिरिक्त संरक्षण और प्रोत्साहन मिलना चाहिए।
रेखा आर्या ने कहा कि अधिकांश राज्यों की खेल नीतियों में विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों के लिए अलग से ठोस प्रावधान नहीं हैं, लेकिन उत्तराखंड इस दिशा में नई पहल करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाद्री आइस रिंक में प्रतिभा दिखा रहे खिलाड़ी वर्ष 2029 के स्पेशल ओलंपिक्स वर्ल्ड गेम्स में देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में 11 राज्यों के 100 से अधिक विशेष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में खेल मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री दीप्ति रावत, इंडियन आइस स्केटिंग फेडरेशन के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, स्पेशल ओलंपिक भारत के क्षेत्रीय निदेशक डीबीएस रावत, बोर्ड सदस्य राजेश्वर, खेल विभाग के अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए कोच, अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें