
देहरादून, 18 जून। 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने नियमित योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए सभी से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और सम्मान प्राप्त हुआ है। आज योग विश्वभर में शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में स्वीकार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मानुशासन, सकारात्मक जीवनशैली और जीवन में संतुलन स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करता है।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अधिकाधिक संख्या में आयोजित योग कार्यक्रमों में सहभागिता करने तथा योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाना स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।









