बाहरी अभ्यर्थियों को मिला उत्तराखंड कोटा: राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 14 मई। उत्तराखंड के होम्योपैथी चिकित्सा विभाग और होम्योपैथी मेडिसिन बोर्ड में कथित भ्रष्टाचार को लेकर राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने बड़ा आरोप लगाया है। सोमवार को देहरादून स्थित प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रसाद सेमवाल और प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल ने भर्ती प्रक्रिया से लेकर वित्तीय अनियमितताओं तक कई गंभीर मुद्दे उठाए।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि 24 पदों पर हुई होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती में नियमों की अनदेखी कर ‘अपनों’ को लाभ पहुंचाया गया। उनका कहना है कि आरक्षण व्यवस्था में भी हेरफेर किया गया। आरोप के मुताबिक हिमाचल प्रदेश की अनुसूचित जाति की एक महिला अभ्यर्थी को उत्तराखंड के कोटे से नियुक्त कर दिया गया।
इसके अलावा, भर्ती विज्ञप्ति में ओबीसी वर्ग का कोई पद नहीं होने के बावजूद परिणाम में ओबीसी कोटे से चयन कर लिया गया। पार्टी ने चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि 60 अंकों का इंटरव्यू रखा गया, जिसकी वीडियोग्राफी तक नहीं कराई गई ।नेताओं ने चयन समिति की संरचना पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि नियमानुसार विशेषज्ञों की बजाय विधानसभा में तैनात एक मेडिकल अधिकारी को इंटरव्यू बोर्ड में शामिल किया गया, जिससे चयन प्रक्रिया प्रभावित हुई। पार्टी का दावा है कि चयनित अभ्यर्थियों में कई विधायक और विभागीय अधिकारियों के करीबी रिश्तेदार शामिल हैं।
प्रेस वार्ता में होम्योपैथी मेडिसिन बोर्ड के रजिस्ट्रार डॉ. शैलेंद्र पांडे की कार्यप्रणाली को भी कठघरे में खड़ा किया गया। पार्टी ने आरोप लगाया कि वे पिछले 12 वर्षों से बिना स्पष्ट नियमावली के इस पद पर तैनात हैं। इसके साथ ही उन पर बिना चिकित्सकीय कार्य किए नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस लेने का भी आरोप लगाया गया, जिसे वित्तीय नियमों का उल्लंघन बताया गया। चंदोला होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज के छात्रों के पंजीकरण में देरी और भेदभाव के आरोप भी लगाए गए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रसाद सेमवाल ने कहा कि यह मामला प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल ने भी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अवैध रूप से लिए गए भत्तों की वसूली की मांग की।उधर शासन ने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए अपर सचिव कार्मिक नवनीत पांडे को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। उन्हें 10 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष नवीन पंत, सैनिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष भगवती प्रसाद गोस्वामी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें