राजधानी देहरादून में ओबीसी छात्रावास बनाने की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 10 अप्रैल। मनवीर सिंह चौहान
ने राजधानी देहरादून में ओबीसी समाज के छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास बनाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अनुरोध पत्र सौंपा।
मुख्यमंत्री आवास में हुई भेंट के दौरान चौहान ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं और बाल कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि देहरादून में ओबीसी समाज के कई विद्यार्थी पढ़ाई के लिए आते हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें आवास और पढ़ाई से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
चौहान ने कहा कि विशेष रूप से उत्तरकाशी समेत अन्य पर्वतीय जिलों से आने वाले ओबीसी वर्ग के गरीब छात्र-छात्राओं के सामने राजधानी में रहने की समुचित व्यवस्था करना बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे में यदि देहरादून में ओबीसी छात्रावास बनाया जाता है तो इससे बड़ी संख्या में जरूरतमंद विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति छात्रावास की तर्ज पर देहरादून में ओबीसी समुदाय के विद्यार्थियों के लिए भी छात्रावास की व्यवस्था की जाए। इससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को पढ़ाई में सुविधा मिलेगी और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में मदद मिल सकेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें