
चम्पावत, 18 फरवरी ।
शांत वादियों और हिमालयी आंचल की गोद में बसे चम्पावत जनपद ने आज साहस, संकल्प और रोमांच का अद्भुत संगम देखा। ‘चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026’ के अंतर्गत भारत में पहली बार आयोजित की जा रही 120 किलोमीटर लंबी ‘पैरामोटर क्रॉस कंट्री चम्पावत 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ।
माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस अभिनव पहल ने भारतीय साहसिक पर्यटन के इतिहास में एक नई इबारत लिख दी है।
इस ऐतिहासिक उड़ान में 07 जांबाज़ पायलटों ने एक साथ आसमान में उड़ान भरते हुए दुर्गम पर्वतीय भूभाग के ऊपर से रोमांचक हवाई यात्रा का आगाज़ किया। यह 120 किलोमीटर लंबी क्रॉस कंट्री उड़ान उचौलिगोठ से डांडा, रीठा और लोहाघाट होते हुए चौथे दिन टनकपुर पहुंचेगी।
यह आयोजन केवल एक साहसिक खेल गतिविधि नहीं, बल्कि जनपद में वर्षभर पर्यटन को गति देने, शीतकालीन पर्यटन को नई पहचान प्रदान करने तथा पर्वतीय क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित यह पहल राज्य में एडवेंचर टूरिज्म की संभावनाओं को नए आयाम दे रही है और देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।








