देहरादून, 18 फरवरी 2026।
देहरादून जिला न्यायालय को एक अज्ञात ईमेल आईडी से बम ब्लास्ट की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं। एहतियातन न्यायालय भवन को तत्काल खाली कराकर सभी को ग्राउंड में एकत्रित किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 फरवरी 2026 को न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर दो अलग-अलग ईमेल प्राप्त हुए, जिनमें न्यायालय परिसर में बम विस्फोट की धमकी दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रेम सिंह खिमाल ने 18 फरवरी 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को पत्र भेजकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि उत्तराखंड हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल, जिला मजिस्ट्रेट देहरादून तथा डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस एवं खुफिया एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं। न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड द्वारा परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं।







