देहरादून, 18 फरवरी। ननूरखेड़ा मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025-26 के राज्य स्तरीय मुकाबलों में देहरादून जनपद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने ट्रॉफी एवं 5 लाख रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस वर्ष प्रतियोगिता को नए प्रारूप में आयोजित किया गया, जो न्याय पंचायत स्तर से शुरू होकर विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर तक पहुंचते हुए राज्य स्तरीय मुकाबलों में परिवर्तित हुई। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रदेश को नए चैंपियन मिले हैं और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मंच मिला है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया जाएगा, जिससे युवाओं का मनोबल और अधिक सुदृढ़ होगा।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आउट ऑफ टर्न नियुक्ति, सरकारी सेवाओं में 4 प्रतिशत आरक्षण, युवा खिलाड़ियों के लिए छात्रवृत्ति, प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना तथा लोहाघाट में गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज की शुरुआत जैसे ऐतिहासिक निर्णय बीते चार वर्षों में लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह चार वर्ष प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए स्वर्णिम काल के समान हैं।
रेखा आर्या ने आगामी 39वें राष्ट्रीय खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए बड़े मंच की तैयारी का अवसर है। साथ ही वर्ष 2030 में भारत में प्रस्तावित कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 में संभावित ओलंपिक मेजबानी को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को अभी से लक्ष्य निर्धारित कर तैयारी में जुटना चाहिए।
कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक आशीष चौहान, अपर निदेशक अजय अग्रवाल तथा जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल सहित प्रदेश के सभी जनपदों से आए हजारों खिलाड़ी उपस्थित रहे।







