चंपावत में ‘चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026’ का भव्य आगाज सीएम ने किया वर्चुअल शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


चंपावत, 18 फरवरी । जनपद चंपावत की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक कला और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को ‘चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से किया।
टनकपुर स्थित केंद्रीय जल आयोग कार्यालय के निकट मैदान में पारंपरिक स्वागत, दीप प्रज्वलन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सात दिवसीय महोत्सव की औपचारिक शुरुआत की गई। उद्घाटन अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
10 से अधिक राज्यों की सहभागिता
महोत्सव में उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित 10 से अधिक राज्यों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए 37 से अधिक स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उद्यमियों द्वारा उत्पादों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं।
पुस्तक मेले में 15 से अधिक प्रकाशकों की सहभागिता रही। बनारसी साड़ी, कश्मीरी हस्तशिल्प, पारंपरिक आर्ट एवं हस्तनिर्मित उत्पाद दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
‘मुख्यमंत्री योग सखी दीदी अभियान’ का शुभारंभ
इस अवसर पर जनपद में “मुख्यमंत्री योग सखी दीदी अभियान” का भी शुभारंभ किया गया। अभियान के माध्यम से महिलाओं को योग से जोड़कर स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मनिर्भरता और सामुदायिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।
लोक संस्कृति और जन-जागरूकता का संगम
विद्यालयी बच्चों ने उत्तराखंड की पारंपरिक वीर नृत्य शैली छोलिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मंच के माध्यम से ‘नशा मुक्त भारत’, ‘टीबी मुक्त अभियान’ एवं एनसीडी/एनवीडीबी जैसे विषयों पर जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
साहसिक पर्यटन को बढ़ावा
महोत्सव के तहत पतंगबाजी और भव्य रंगोली प्रतियोगिता ने पहले दिन उत्साह का माहौल बना दिया। सात दिवसीय पुस्तक मेला, फोटो प्रदर्शनी, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और चंपावत के दुर्लभ बर्तनों की प्रदर्शनी का भी शुभारंभ हुआ।
साहसिक गतिविधियों में चुका क्षेत्र में ‘फील द टेंट’ कैम्पिंग, उचोलीगोंठ में पैरामोटरिंग, डंडाककई में पैराग्लाइडिंग तथा नंधौर वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी में वाइल्डलाइफ सफारी जैसी रोमांचकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे जनपद में एडवेंचर टूरिज्म को नई दिशा मिल रही है।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, विधायक प्रतिनिधि, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
सात दिवसीय यह महोत्सव चंपावत की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें