कृषि मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का जताया आभार
देहरादून, 01 फरवरी।
प्रदेश के कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय बजट 2026–27 को विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने वाला सर्वसमावेशी और विकासोन्मुखी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग को साथ लेकर देश को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखता है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को कैंप कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ केंद्रीय बजट का लाइव प्रसारण देखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि मजबूत आर्थिक आधार, समावेशी विकास और दीर्घकालिक दृष्टि पर केंद्रित यह बजट देश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करेगा।
उन्होंने कहा कि बजट में गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी—इन चारों वर्गों के उत्थान और सशक्तिकरण पर विशेष फोकस किया गया है। किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
लखपति दीदी योजना के विस्तार का स्वागत
कृषि मंत्री ने बजट में लखपति दीदी योजना के विस्तार की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए देशभर में और अधिक रिटेल आउटलेट्स खोले जाएंगे, जिससे महिलाओं को सीधे बाजार से जोड़ा जा सकेगा और महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।
कृषि के लिए एआई आधारित ‘भारत-VISTAAR’ कार्यक्रम अहम
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि एआई आधारित भारत-VISTAAR कार्यक्रम की शुरुआत किसानों के लिए एक दूरदर्शी पहल है। यह तकनीक किसानों को बेहतर निर्णय लेने में मदद करेगी, जिससे उनकी उत्पादकता और आय में वृद्धि होगी। साथ ही ग्रामीण महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों को सशक्त करने के लिए SHE-Marts की शुरुआत भी एक सकारात्मक कदम है।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
उन्होंने पर्यटन क्षेत्र के लिए बजट में किए गए प्रावधानों की सराहना करते हुए कहा कि प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर टूरिस्ट गाइड्स को वर्ल्ड-क्लास प्रशिक्षण और प्रमुख पुरातात्विक स्थलों को सांस्कृतिक एवं पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित करने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यह बजट ग्रामीण विकास, कृषि उन्नयन, महिला सशक्तिकरण और पर्यटन संवर्धन के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने इस जनकल्याणकारी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया।









