अंकिता को सीढ़ी बनाकर सत्ता का सपना देख रही है कांग्रेस: मनवीर सिंह चौहान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 28 दिसंबर।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस अंकिता हत्याकांड को राजनीतिक सीढ़ी बनाकर सत्ता का सपना देख रही है, लेकिन उसकी यह मंशा कभी पूरी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता पहले भी कांग्रेस के ऐसे प्रयासों को नकार चुकी है और आगे भी नकारेगी।
अंकिता मामले को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए चौहान ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस की आक्रामक राजनीति स्वाभाविक हो जाती है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी जब भर्ती घोटालों में सरकार द्वारा निष्पक्ष जांच कराई गई और तथ्य सामने आए, तब कांग्रेस सरकार की सराहना करने से पीछे नहीं रही, लेकिन विपक्षी धर्म निभाने के नाम पर वह फिर विरोध पर उतर आई।
मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि अंकिता केवल किसी दल की नहीं, बल्कि पूरे पहाड़ और राज्य की बेटी है, लेकिन कांग्रेस ऐसा दिखाने का प्रयास कर रही है मानो उसे ही उसकी चिंता हो। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष उस समय भी जांच को लेकर राजनीति कर रहा था और आज भी कर रहा है। न्याय की दिशा तय करने के बजाय कांग्रेस ने जांच एजेंसियों को भटकाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि अदालत द्वारा भी सीबीआई जांच से इनकार कर एसआईटी जांच को सही ठहराया गया, इसके बावजूद कांग्रेस बिना तथ्यों के आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में लगी रही। इसी का परिणाम रहा कि अंकिता हत्याकांड के बाद जनता ने भाजपा को आशीर्वाद दिया और कांग्रेस को उसके दुष्प्रचार के लिए उसकी जगह दिखा दी। उन्होंने कहा कि उपचुनावों, निकाय और पंचायत चुनावों में कांग्रेस को इस दुष्प्रचार की कीमत चुकानी पड़ी।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि इतिहास खुद को दोहराता नजर आ रहा है। पहले जनता से तिरस्कार मिलने के बाद कांग्रेस ने अब अपनी रणनीति बदली है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो के आधार पर कांग्रेस नए चेहरों को आगे लाने और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के चरित्र हनन की साजिश में जुट गई है।
मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस का दोहरा चरित्र अब जनता के सामने आ चुका है। कभी वह एआई साजिश का खुद को शिकार बताकर विरोध की नौटंकी करती है और कभी दूसरों के खिलाफ उसी तकनीक का इस्तेमाल कर दुष्प्रचार में लग जाती है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस के इस दोहरे रवैये को कभी माफ नहीं करेगी ।

Leave a Comment

और पढ़ें