नैनीताल 28 दिसंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जनपद की कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के कोटाबाग में आयोजित दो दिवसीय ‘घोड़ा लाइब्रेरी पहाड़ पच्छयाण महोत्सव’ में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास हेतु 114 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 12 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसंस्कृति, पुस्तकों और प्रकृति को एक साथ जोड़ने का घोड़ा लाइब्रेरी का प्रयास अत्यंत सराहनीय है। यह पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के बच्चों में पुस्तक संस्कृति विकसित करने और शिक्षा को दूरस्थ छोर तक पहुंचाने का एक अभिनव उपक्रम है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी सराहा गया है।
मुख्यमंत्री ने घोड़ा लाइब्रेरी की युवा टीम एवं इसके प्रेरक शुभम बधानी को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल केवल पुस्तकों को पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सपनों को उड़ान देने का सशक्त माध्यम बन रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पुस्तकों को केवल परीक्षा तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं, क्योंकि पुस्तकें हमारी सच्ची मित्र और मार्गदर्शक होती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। शहरों से लेकर दूरस्थ गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। साथ ही राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि मानसखंड के अंतर्गत नैनीदेवी, कैंचीधाम, हनुमानगढ़ी एवं मुक्तेश्वर धाम जैसे पौराणिक मंदिरों का पुनरुद्धार कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में कोटाबाग के तोक भटकानी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य भी पूर्ण किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नई शिक्षा नीति लागू की गई है। सभी सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकें लागू की गई हैं तथा कक्षा 1 से 12 तक निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रदेश में 226 विद्यालय पीएम श्री विद्यालय के रूप में विकसित किए जा रहे हैं, जबकि 500 विद्यालयों में वर्चुअल कक्षाएं संचालित हैं। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा से 42 हजार विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं और नकलमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चार वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। साथ ही संघ लोक सेवा आयोग, एनडीए और सीडीएस जैसी परीक्षाएं पास करने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की तैयारी के लिए ₹50,000 की सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी जैसी स्थानीय भाषाओं के संरक्षण के लिए भी राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा महिला स्वयं सहायता समूहों और किसानों से संवाद किया। उन्होंने कोटाबाग के आंवलाकोट स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्या, दीवान सिंह बिष्ट, मोहन सिंह बिष्ट, मेयर हल्द्वानी नगर निगम गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।





