नैनीताल 28 दिसंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जनपद नैनीताल के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, कोटाबाग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 129वें एपिसोड को विद्यार्थियों एवं आमजन के साथ सुना।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “मन की बात” कार्यक्रम देशवासियों के लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए विचार प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “मन की बात” के माध्यम से देश के कोने-कोने से आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होती है और समाज में हो रहे अनेक उत्कृष्ट एवं नवाचारपूर्ण कार्यों से पूरा देश प्रेरणा लेता है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का समाज सेवा, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण तथा युवाओं की सकारात्मक भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहरा प्रभाव पड़ा है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं से “मन की बात” में दिए गए संदेशों और सीखों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सांसद नैनीताल-उधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र अजय भट्ट, विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत, विधायक नैनीताल सरिता आर्या, विधायक रामनगर दीवान सिंह बिष्ट, विधायक लालकुआं मोहन सिंह बिष्ट, मेयर हल्द्वानी नगर निगम गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।





