नशे पर कसा शिकंजा, युवाओं से सीएम की दोटूक अपील – “खुद भी न कहें, साथियों को भी नशे से दूर रखें”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

देहरादून 17 नवंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नशामुक्त भारत अभियान की पाँचवीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवाओं से स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे नशे को पूरी मजबूती के साथ “ना” कहें और अपने साथियों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

सीएम धामी ने कहा कि नशा सिर्फ एक बुरी आदत नहीं, बल्कि समाज की जड़ों को खोखला करने वाली घातक चुनौती है, जो युवाओं की चेतना, निर्णय क्षमता और भविष्य को बर्बाद कर देती है। उन्होंने नशे के वैश्विक स्तर पर “साइलेंट वॉर” बनने का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका सबसे बड़ा निशाना युवा पीढ़ी है, जो देश के विकास की असली शक्ति है।

मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2020 में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नशामुक्त भारत अभियान की शुरुआत कर इसे व्यापक जन-आंदोलन का रूप दिया। राज्य सरकार भी इसी संकल्प के साथ “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” के लक्ष्य पर मिशन मोड में काम कर रही है।

सीएम धामी ने बताया कि 2022 में गठित त्रिस्तरीय एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने तीन वर्षों में बड़ी सफलता हासिल की है। फोर्स ने 6 हजार से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया और 200 करोड़ रुपये से अधिक की मादक पदार्थों की बरामदगी की है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में नशा मुक्ति केंद्रों को मजबूत किया जा रहा है। राज्य में चार इंटीग्रेटेड रिहैबिलिटेशन सेंटर फॉर एडिक्ट्स (IRCA) सक्रिय हैं, जबकि AIIMS ऋषिकेश की मदद से एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (ATF) भी संचालित हो रही है। सभी जिलों के शिक्षण संस्थानों में एंटी-ड्रग कमेटियाँ गठित की गई हैं, जिनमें छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को शामिल किया गया है।

सीएम ने बताया कि उत्तराखंड की पारंपरिक “ऐपण कला” को भी नशा-विरोधी संदेशों से जोड़कर शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों में प्रदर्शित किया जा रहा है। युवाओं को पॉजिटिव दिशा देने के लिए “दगड़िया क्लब” भी बनाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाना सरकार का विकल्परहित संकल्प है, जो तभी पूर्ण होगा जब युवा नशे से दूर रहकर पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ राज्य के विकास में भागीदारी करेंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपस्थित युवाओं को नशामुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई। साथ ही राज्य स्तरीय भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली और कॉलेज विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर, ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्यांकी, अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन, निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें