देहरादून 15 नवंबर । मोहनी रोड स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को आयोजित देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने वेणु अग्रहारा ढींगरा द्वारा लिखित ‘लीडिंग लेडीज ऑफ इंडिया’ पुस्तक का विमोचन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि साहित्य भावनाओं, विचारों और अनुभवों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत बनाने में साहित्य की अहम भूमिका रहती है। मुख्यमंत्री ने आशा जताई कि यह पुस्तक विशेष रूप से महिलाओं को आगे बढ़ने और नेतृत्व की ओर प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार महिला सशक्तीकरण को लेकर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ी है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है। आज उत्तरी भारत ही नहीं, बल्कि देशभर में बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की आत्मा उसकी समृद्ध संस्कृति और परंपरा में बसती है। सरकार इन धरोहरों को संरक्षित रखने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से राज्य में प्रवासी उत्तराखंडियों का सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को उनकी जड़ों से जोड़ना है। इन आयोजनों के बाद अनेक प्रवासियों ने अपने गांवों और प्रदेश के विकास में सहयोग देने की इच्छा जताई है।
कार्यक्रम में
गीता पुष्कर धामी, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, दून इंटरनेशनल स्कूल समूह के संस्थापक डी.एस. मान सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।







