देहरादून। राज्य की समग्र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गृह सचिव शैलेश बगौली ने शुक्रवार को सचिवालय में उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सभी जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक वर्चुअल माध्यम से जुड़े। गृह सचिव ने प्रदेशभर में सतर्कता बढ़ाने और विशेषकर बॉर्डर क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राज्यों की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहना चाहिए, वहीं अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अतिरिक्त सावधानी बरती जाए। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सभी बॉर्डर क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर ANPR कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि वाहनों की ट्रैकिंग और निगरानी अधिक प्रभावी हो सके।
गृह सचिव ने प्रमुख पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग अभियान तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने शहरों और संवेदनशील जगहों पर सीसीटीवी सिस्टम की रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों के आसपास के क्षेत्रों को भी सीसीटीवी कवरेज में लाने के निर्देश दिए।
बगौली ने स्पष्ट कहा कि राज्यवासियों और पर्यटकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जिलाधिकारियों और एसपी को निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मैनपावर, तकनीकी संसाधन या अन्य जरूरतें होने पर तत्काल मुख्यालय को अवगत कराया जाए।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में एडीजी अभिनव कुमार, वी. मुर्गेशन समेत सभी जिलों के डीएम और एसपी शामिल रहे।







