हर्षल फाउंडेशन द्वारा ‘कैंसर जागरूकता दिवस’ पर जीजीआईसी लक्की बाग में सफल कार्यक्रम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

छात्राओं को ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दी जानकारी, फाउंडेशन जल्द लगाएगा वैक्सीन कैंप

देहरादून, 13 नवम्बर।
हर्षल फाउंडेशन ने ‘कैंसर जागरूकता दिवस’ के अवसर पर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) लक्की बाग में छात्राओं के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी, विशेष रूप से छात्राओं में ब्रेस्ट (स्तन) और सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनकी रोकथाम के उपायों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रख्यात कैंसर सर्जन डॉ. कनिका कपूर ने कैंसर के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती लक्षणों, कारणों और समय पर जांच (स्क्रीनिंग) के महत्व को समझाते हुए कहा कि “नियमित जाँच और समय पर उपचार से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी पर नियंत्रण संभव है।”

कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रश्न-उत्तर सत्र में विशेषज्ञ से अपने सवाल पूछे।

हर्षल फाउंडेशन के ट्रस्टी सेक्रेटरी डॉ. राम गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि कैंसर आज एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य विषय बन चुका है और इसकी रोकथाम के लिए जागरूकता और वैक्सीन दोनों बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने घोषणा की कि फाउंडेशन जल्द ही जीजीआईसी लक्की बाग में एक कैंसर वैक्सीन कैंप आयोजित करेगा, जिससे अधिकतम छात्राएँ इस सुरक्षा कवच का लाभ ले सकेंगी।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रिंसिपल नीरज छिब्बर, कंसलटेंट कैंसर सर्जन डॉ. कनिका कपूर सहित कल्पना अग्रवाल, गुलशन सरीन, निधि गर्ग और अमिता गोयल उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने हर्षल फाउंडेशन की इस महत्वपूर्ण और जनजागरूकता से जुड़ी पहल की सराहना की।

हर्षल फाउंडेशन ने कहा कि संस्था आगे भी ऐसे जनहितकारी प्रयासों के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता समाज के हर वर्ग तक पहुँचाती रहेगी ।

Leave a Comment

और पढ़ें