मुख्यमंत्री ने किया ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल के 12वें वार्षिकोत्सव का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ढालवाला, टिहरी — 13 नवम्बर, 2025‘सोल ऑफ इंडियन कल्चर’ थीम पर आधारित कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को ढालवाला स्थित ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल के 12वें वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने विद्यालय प्रबंधन को इस अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि “बच्चे हमारे भविष्य के कर्णधार हैं, जो आने वाले समय में अपने माता-पिता, गुरुजनों, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।”

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, राष्ट्र निर्माण और मानव उत्थान होना चाहिए। बच्चों में शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और सेवाभाव की भावना का विकास आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की थीम ‘सोल ऑफ इंडियन कल्चर’ को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति विश्व की सभी संस्कृतियों की जननी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत अपने गौरवशाली अतीत के साथ आगे बढ़ रहा है। एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के युग में भी बच्चे योग, संस्कार और सादगी के महत्व को समझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है जिसने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू किया। राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सतत प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद राज्य की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। “हाउस ऑफ हिमालयाज” जैसी पहल से छोटे समूहों को बाजार उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किए जाने के बाद 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। राज्य के समग्र विकास के लिए हर क्षेत्र में नवाचार किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत, स्कूल के चेयरमैन मोहन डंग, जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी आयुष अग्रवाल आदि  उपस्थित थे ।

Leave a Comment

और पढ़ें