देहरादून, 13 नवम्बर।
गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, देहरादून कैंट, अपनी गौरवशाली यात्रा के 100 वर्ष पूरे कर चुका है। इस मौके पर कॉलेज 15 और 16 नवम्बर को ‘स्वर्णिम शताब्दी समारोह’ बड़े धूमधाम से मनाने जा रहा है। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष कर्नल (से.नि.) डी.बी. थापा ने बताया कि विद्यालय की स्थापना ब्रिटिश काल में वर्ष 1925 में हुई थी। उस समय इसे ‘गोरखा मिलिट्री प्राथमिक विद्यालय’ के रूप में गोरखा रेजीमेंट के अंग्रेज अफसरों ने अपने बच्चों की शिक्षा के लिए स्थापित किया था।
बाद में गोरखा सैनिकों और पेंशनरों के बच्चों को भी शिक्षा देने की व्यवस्था शुरू हुई। वर्ष 1928 में इसे मिडिल स्कूल का दर्जा मिला। तब प्रेमनगर से लेकर करनपुर तक कोई स्कूल नहीं था। आगे चलकर विद्यालय सभी के लिए खोल दिया गया और इसका नाम Dehradun School for Gurkhas कर दिया गया।
कर्नल थापा ने बताया कि 1948 में स्कूल को हाईस्कूल की मान्यता मिली और नाम हुआ गोरखा मिलिट्री हायर सेकेंडरी स्कूल। वर्ष 1957 में इसे सह-शिक्षा संस्थान बनाया गया, जबकि 1963 में इंटरमीडिएट साहित्य वर्ग की मान्यता मिली और तब से इसका नाम गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज हो गया। वर्ष 2005 में उत्तराखंड सरकार ने कॉलेज को विज्ञान और वाणिज्य संकायों के संचालन की अनुमति दी।
उन्होंने बताया कि कॉलेज के छात्र देश और विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। आजाद हिंद फौज के शहीद मेजर दुर्गामल्ल, महावीर चक्र विजेता शहीद जसवंत सिंह रावत, वीर चक्र प्राप्त वीर बहादुर, ले. जनरल चित्र बहादुर गुरुंग, मेजर जनरल उमेश गुरुंग जैसे सपूत इस विद्यालय की शान रहे हैं। वहीं, एशियन बॉक्सिंग गोल्ड मेडलिस्ट और अर्जुन अवार्डी पदम बहादुर मल्ल, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर श्याम थापा, अमर बहादुर गुरुंग और कई अन्य खिलाड़ियों ने खेल जगत में कॉलेज का नाम रोशन किया।
फुटबॉल कॉलेज का प्रमुख खेल रहा है। विद्यालय 1964 और 1965 में अंतरराष्ट्रीय सुब्रोतो कप फुटबॉल टूर्नामेंट का विजेता रहा, जबकि 1961 और 1970 में उपविजेता रहा। छात्राओं की टीम ने भी 2018 और 2019 में शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें अंजना थापा को Extraordinary Player of the Tournament का खिताब मिला।
कर्नल थापा ने बताया कि कॉलेज के पूर्व छात्र चन्द्रमोहन भंडारी आईएफएस के रूप में भारत के राजदूत रहे हैं। वहीं चित्र बहादुर गुरुंग को नेपाल सरकार ने ‘नेपाल भूषण’ सम्मान से नवाजा। कॉलेज से निकलकर कई छात्र प्रशासन, विज्ञान, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, पत्रकारिता, राजनीति और फिल्म जगत में भी नाम कमा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में हाईस्कूल के छात्र जतिन रावत ने राज्य मेरिट सूची में 13वां स्थान प्राप्त कर कॉलेज का नाम रोशन किया।
कर्नल थापा ने यह भी कहा कि रक्षा संपदा विभाग द्वारा विद्यालय को 90 साल की लीज पर 20 बीघा भूमि दी गई थी, जिसकी अवधि 2017 में समाप्त हो गई। कॉलेज प्रबंधन ने छात्रहित में लीज बढ़ाने का अनुरोध किया है, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
प्रेस वार्ता में कॉलेज प्रबंध समिति के प्रबंधक एडवोकेट लाल बहादुर गुरुंग, प्रधानाचार्या श्रीमती दीपाली जुगरान, पूर्व प्रधानाचार्य ज्योति प्रकाश जगूड़ी, कर्नल (से.नि.) बी.बी. थापा और ब्रिगेडियर (से.नि.) पी.एस. गुरुंग सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।







