उपनल कर्मचारियों के समर्थन में धस्माना, सरकार को दी चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करे सरकार, नियमितीकरण की बने चरणबद्ध योजना

देहरादून 11 नवंबर परेड ग्राउंड में चल रहे उपनल कर्मचारियों के धरने को सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने समर्थन दिया। उन्होंने हड़ताली कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब सरकार आश्वासन नहीं, निर्णय दे।

धस्माना ने कहा कि सात वर्ष पहले माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल ने उपनल कर्मचारियों के पक्ष में समान कार्य के लिए समान वेतन और चरणबद्ध नियमितीकरण के आदेश दिए थे। इसके बाद भी राज्य सरकार ने आदेशों का पालन नहीं किया और उच्चतम न्यायालय तक चली गई। “अब तो उच्चतम न्यायालय ने भी वही कहा जो हाई कोर्ट ने कहा था, फिर भी सरकार अपनी हठधर्मिता दिखा रही है,” उन्होंने कहा।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई बार उपनल कर्मचारियों की मांगों को मानने का सार्वजनिक आश्वासन दिया, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। “अब पानी सर से ऊपर जा चुका है। सरकार तुरंत समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करे और वरिष्ठता के आधार पर नियमितीकरण की योजना घोषित करे,” धस्माना ने चेतावनी भरे लहजे में कहा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं करती, तो कर्मचारियों को निर्णायक आंदोलन का ऐलान करना चाहिए और आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का संकल्प लेना चाहिए।

धस्माना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उपनल कर्मचारियों की हड़ताल को पूर्ण समर्थन देती है। “जो भी रणनीति उपनल संगठन तय करेगा, कांग्रेस पार्टी कंधे से कंधा मिलाकर उनके साथ खड़ी होगी,” उन्होंने कहा।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो कोर्ट के आदेशों का पालन कर उपनल कर्मचारियों की सभी लंबित मांगें पूरी की जाएंगी।

इस मौके पर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुजाता पॉल, प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल, और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रघुबीर सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे ।

Leave a Comment

और पढ़ें