देहरादून, 11 नवंबर।
राज्य की रजत जयंती वर्ष उत्सवों के सफल आयोजन के बाद मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता के साथ सीधा संवाद तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को मुख्यमंत्री ने कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त शिकायतों, मांगों और सुझावों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिकायतों के समाधान की नियमित फीडबैक व्यवस्था को भी और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम को प्रशासन और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास का मजबूत सेतु बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रमुख लक्ष्य जन समस्याओं का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग जन अपेक्षाओं के अनुरूप संवेदनशील, सक्रिय और जवाबदेह रवैया अपनाएं तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुलभ बनाया जाए।
श्री धामी ने कहा कि राज्य की रजत जयंती वर्ष केवल उत्सव का नहीं बल्कि जनभागीदारी और संवाद को सशक्त करने का अवसर है। जनता से प्राप्त सुझावों और अपेक्षाओं को सरकार की नीति निर्माण प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि राज्य के हर नागरिक को विकास योजनाओं का लाभ शीघ्र और पारदर्शी रूप से मिले। उन्होंने जनता से राज्यहित में रचनात्मक सुझाव देने और जनसेवा के प्रयासों में सहभागी बनने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्रत्येक नीति और निर्णय का मूल उद्देश्य जनता का हित और प्रदेश का समग्र विकास है।








