उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर कांग्रेस मुख्यालय में धूम — ध्वजारोहण और 25 पौंड का केक काटकर मनाई खुशियां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 9 नवंबर ।उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, राजीव भवन में उत्साह और जोश से भरा माहौल देखने को मिला। कांग्रेसजनों ने शहीद आंदोलनकारियों को नमन किया, ध्वजारोहण हुआ और 25 पौंड का केक काटकर जश्न मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम, ध्वज गीत और राष्ट्रगान गाकर मातृभूमि को नमन किया। इसके बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष माहरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी और अन्य नेताओं के साथ मिलकर 25 पौंड का केक काटा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह समय आत्ममंथन का है कि क्या हम अपने शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बना पाए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के 10 वर्षों में राज्य की आधारशिला मजबूत करने का कार्य किया गया — औद्योगिक विकास, भू-कानून, उच्च शिक्षा संस्थान, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और गैरसैंण में अवस्थापना विकास जैसे ऐतिहासिक कार्य हुए।
वहीं, भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “भाजपा ने 15 सालों में उत्तराखंड को मुख्यमंत्री बनाने की फैक्ट्री बना दिया, राज्य में अवैध खनन, नशा, भर्ती घोटाले और महिलाओं पर अत्याचार जैसे मामलों ने प्रदेश को शर्मसार किया।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि आज का दिन उन सभी राज्य आंदोलन के सिपाहियों को नमन करने का है, जिन्होंने उत्तराखंड के लिए संघर्ष किया और बलिदान दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनता की खुशहाली और विकास के लिए काम करती रही है और भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और रजत जयंती पखवाड़ा संयोजक सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जहां देहरादून मुख्यालय में ध्वजारोहण व केक कटिंग कार्यक्रम हुआ, वहीं पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल गैरसैंण, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत हरिद्वार हर की पैड़ी, और विधानमंडल दल के नेता यशपाल आर्य तथा उपनेता भुवन कापड़ी खटीमा में ध्वजारोहण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता राज्य स्थापना दिवस को पूरे उत्साह से मना रहा है और उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पण का संकल्प दोहरा रहा है।इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश महासचिव जगदीश धीमान, नवीन जोशी, गोदावरी थापली, राजेंद्र शाह, शीशपाल सिंह बिष्ट, वीरेंद्र पोखरियाल, मदन लाल, हेमा पुरोहित, दिनेश कौशल, मोहित उनियाल, गौरव सिंह, सावित्री थापा, डॉ. प्रतिमा सिंह, ओम प्रकाश सती, मानवेंद्र सिंह, शिवानी थपलियाल, मंजू त्रिपाठी, पूनम कंडारी, गगन छाछर, नवीन सलूजा, प्रमोद कुप्रवान, नोहर सिंह, आनंद पुंडीर, सुनील थपलियाल, नीरज त्यागी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Leave a Comment

और पढ़ें