रुद्रप्रयाग 1 नवंबर। लोकपर्व इगास के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को रुद्रप्रयाग जनपद के वसुकेदार क्षेत्र के आपदा प्रभावित ग्राम भौंर पहुंचे। यहां उन्होंने आपदा से प्रभावित परिवारों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने आपदा में जान गंवाने वाले वन श्रमिक कुलदीप सिंह नेगी और सते सिंह के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर संकट की घड़ी में जनता के साथ
खड़ी है और किसी को भी अकेला महसूस नहीं होने देगी।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के साथ बैठकर भोजन किया और भरोसा दिलाया कि सरकार उनके पुनर्वास और राहत कार्यों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने क्षेत्र में स्थायी हेलीपैड के निर्माण, ग्राम भौंर में आंगनवाड़ी केंद्र की स्थापना, गांव तक दोपहिया वाहनों की आवाजाही के लिए मोटर मार्ग निर्माण हेतु एक करोड़ रुपये की धनराशि देने और छेनागाड़ बाजार को पुनर्जीवित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड एक आपदा संवेदनशील राज्य है और सरकार आपदा प्रबंधन को सशक्त बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने अधिकारियों से राहत कार्यों में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और सरकार द्वारा किए जा रहे त्वरित राहत प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर विधायक भरत चौधरी, जिलाधिकारी प्रतीक जैन, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।








