सोनू गहलोत के नेतृत्व में की घरवापसी, कांग्रेस बोली — अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारों की लड़ेगी लड़ाई
एलिवेटेड रोड के विरोध में सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस — धस्माना
देहरादून 26 अक्टूबर
। प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की ओर से रविवार को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित “संविधान बचाओ, भाजपा भगाओ” कार्यक्रम में भाजपा को बड़ा झटका लगा। भाजपा अनुसूचित जाति विभाग के नेता सोनू गहलोत के नेतृत्व में करीब डेढ़ सौ कार्यकर्ताओं ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया।
नवागंतुकों का स्वागत करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा शोषित, वंचित और दबे-कुचले वर्गों के उत्थान के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इन वर्गों के रोजगार छीन लिए और ठेका प्रथा लागू कर इन लोगों का शोषण बढ़ाया। माहरा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर राज्य में अनुसूचित जाति वर्ग के हितों की रक्षा और कल्याण को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में पंजाब के विधायक और प्रदेश कांग्रेस एससी विभाग के प्रभारी सुखविंदर कोटली ने कहा कि देहरादून में अनुसूचित जाति युवाओं में कांग्रेस के प्रति जो उत्साह दिखा है, वह प्रदेश में परिवर्तन का संकेत है। उन्होंने कहा कि अब वे हर महीने एक जिले का दौरा कर पार्टी को मजबूत करेंगे। कोटली ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा शासित राज्यों में अनुसूचित जाति वर्ग के साथ अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड में हुए दलित उत्पीड़न के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि “भाजपा का असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है।”
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि भाजपा सरकार अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े वर्गों और महिलाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन है। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक में मंदिर में प्रवेश करने पर अनुसूचित जाति के युवक को जलाने जैसी घटनाएं प्रदेश के माथे पर कलंक हैं। धस्माना ने कहा कि भाजपा सरकार दलित बस्तियों को तोड़ने की साजिश रच रही है, जिसे कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी।
उन्होंने एलिवेटेड रोड परियोजना को “गरीब विरोधी” बताते हुए कहा कि कांग्रेस अब सड़कों पर उतरकर इसका विरोध करेगी और किसी भी कीमत पर इसे बनने नहीं देगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल ने की। उन्होंने भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए नए सदस्यों का स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा, प्रभारी विधायक सुखविंदर कोटली और सूर्यकांत धस्माना ने कार्यकर्ताओं को माला पहनाकर और पार्टी पटका ओढ़ाकर कांग्रेस परिवार में शामिल किया।
मदन लाल ने बताया कि आने वाले दिनों में विभाग हरिद्वार, उधमसिंह नगर, हल्द्वानी और अल्मोड़ा में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित करेगा। महानगर कांग्रेस एससी विभाग अध्यक्ष करण घाघट ने कहा कि विभाग सभी 100 वार्डों में कमेटियां गठित कर रहा है और नवंबर में महानगर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन धर्मपाल घाघट ने किया। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, मानसिंह एडवोकेट, गगन छाछर, पूनम सिंह, गीता बहुते, पिंकी, संजय बिरला, भोला सिंह, हिमांशु घाघट, आकाश पंवार, सिकंदर, हिमांशु कुमार सहित भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए डेढ़ सौ कार्यकर्ता मौजूद रहे।








