रुड़की में वाल्मीकि सम्मेलन व अंबेडकर जयंती समारोह आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरिद्वार, 5 अप्रैल। भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज की ओर से रविवार को रुड़की स्थित नगर निगम सभागार में वाल्मीकि सम्मेलन एवं अंबेडकर जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने बाल्मिकी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य सफाई आयोग के सदस्य विनय प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल और भाजपा जिला अध्यक्ष मधु सिंह भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकार समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के हित में काम कर रही है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं।

उत्तराखंड राज्य सफाई आयोग के सदस्य विनय प्रताप सिंह ने कहा कि आयोग समाज के वंचित लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आरक्षण में उपवर्गीकरण की आवश्यकता है, जिससे वास्तविक रूप से वंचित वर्गों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि फिलहाल पंजाब, हरियाणा, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे चार राज्यों में आरक्षण का उपवर्गीकरण लागू है और उत्तराखंड भी इस दिशा में आगे बढ़ सकता है।

उन्होंने इस अवसर पर कश्यप ऋषि की जयंती की भी सभी को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में मेयर अनीता अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष मधु सिंह सहित वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें