
देहरादून 15 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। सोमवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 19 जून को पुलिस लाइन, रेसकोर्स में ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि ‘रन फॉर योग’ का शुभारंभ पुलिस मैदान, रेसकोर्स से होगा। यह दौड़ त्यागी रोड से होकर पुनः पुलिस मैदान में समाप्त होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में महापौर सौरभ थपलियाल, आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक, धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, आयुष सचिव रंजना राजगुरु, अपर सचिव विजय कुमार जोगदंडे, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और लगभग 770 प्रतिभागी शामिल होंगे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम 21 जून को प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में आयोजित किया जाएगा, जहां सामूहिक योगाभ्यास होगा। इसके अलावा जनपद के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों लाखामंडल और हनोल में भी साझा योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने योग दिवस को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने पर जोर देते हुए पुलिस प्रशासन, शिक्षा विभाग, खेल विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों से पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से भी ‘रन फॉर योग’ और योगाभ्यास कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।








