देहरादून02 मार्च । यूपीजेए के केन्द्रीय अध्यक्ष आनन्द रावत ने यूपीसीएल प्रबंधन को पत्र लिखकर एई वरिष्ठता सूची मामले में उच्च न्यायालय के अंतिम निर्णय के अनुसार सहायक अभियंताओं की वरिष्ठता सूची जारी करते हुए अधिशाषी अभियंता के रिक्त पदों पर प्रोन्नति किये जाने की माँग दोहराई।
केन्द्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यूपीसीएल में सहायक अभियंता वरिष्ठता सूची मामले में हाईकोर्ट से निर्णय आ चुका है। अब निगम को बिना किसी देरी के वरिष्ठता सूची जारी करते हुए अधिशासी अभियंताओं के रिक्त पदों पर प्रोन्नति आदेश जारी करने चाहिए। उन्होंने 27 फरवरी को पत्र के माध्यम से यूपीसीएल प्रबंधन को गत वर्ष 05 .02.2024 के कार्यवृत्त की याद दिलाई जिसमें प्रबंधन द्वारा वरिष्ठता सूची प्रकरण में कोर्ट के निर्णय के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित किये जाने को कहा गया था।
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन अवर अभियन्ता संवर्ग के साथ किये जा रहे अन्याय को अब बिल्कुल सहन नहीं करेगा। उच्च न्यायालय से निर्णय आने एवं स्पष्टीकरण दिए जाने के उपरांत भी यदि प्रदेश के मूल निवासी अवर अभियंता संवर्ग को न्याय नहीं मिला तो एसोसिएशन को मजबूरन आर पार के संघर्ष के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि 24 फरवरी को केंद्रीय कार्यकारणी ने शीघ्र आदेश जारी नहीं होने पर एसोसिएशन के पूर्ववत आंदोलन को पुनः 07 मार्च से जारी रखने का निर्णय लिया है।
केन्द्रीय महासचिव पवन रावत ने कहा कि सहायक अभियंता वरिष्ठता सूची मामले में गत वर्ष 27 जून को ही उच्च न्यायालय द्वारा अंतिम निर्णय दे दिया गया था। निगम द्वारा अंतिम निर्णय पर क्लेरिफिकेशन एप्लिकेशन दाखिल की गयी जिसे 14 फरवरी को हाईकोर्ट से निस्तारित कर दिया गया है। अब कोर्ट के निर्णय के अनुसार ही निगम को सहायक अभियंताओं की वरिष्ठता सूची तैयार करनी है। ततपश्चात निगम में अधिशासी अभियंताओं के रिक्त 40 से अधिक पदों पर प्रोन्नति सूची जारी की जानी है। उन्होंने कहा कि यूपीजेईए लगातार अपनी इस माँग को लेकर निगम प्रबंधन से संवाद स्थापित करता रहा है। पिछले वर्ष 03 मार्च को हुई वार्ता में तय किया गया कि न्यायालय के निर्णय के अनुसार मामले में कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
केंद्रीय महासचिव ने कहा कि अब वक्त आ गया है जब प्रबंधन को न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए एसोसिएशन को न्याय प्रदान करना चाहिए।
एसोसिएशन ने पत्र के माध्यम से आंदोलन के अग्रिम चरण के सम्बन्ध में अवगत कराया है कि एसोसिएशन के सदस्य पुनः 07 मार्च से वर्क टू रूल के अनुसार कार्य करेंगे। इस दौरान यूपीसीएल के क्षेत्रों में तैनात सदस्य सार्वजनिक अवकाश जैसे कि रविवार, द्वितीय शनिवार एवं होली आदि पर पूर्णतः अवकाश पर रहेंगे। 18 मार्च को एसोसिएशन प्रेस वार्ता के माध्यम से प्रदेश के मूल निवासी अवर अभियंता संवर्ग के सदस्यों को अधिशासी अभियंता बनने से रोकने के लिए निगम प्रबंधन द्वारा किये जा रहे षड्यंत्र को उजागर किया जाएगा।
केन्द्रीय अध्यक्ष ने पत्र के माध्यम से शीघ्र मांगो का निस्तारण किये जाने एवं निगम में आद्योगिक शांति बनाए रखने का आग्रह किया ।








