
1962 के भारत-चीन युद्ध में शहीद हुए जवानों के बलिदान को किया याद, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का हुआ सम्मान
देहरादून 17 नवंबर। भारत-चीन युद्ध 1962 में अदम्य साहस और शौर्य का परिचय देने वाली 4 गढ़वाल राइफल्स ने रविवार को अपना बैटल ऑनर दिवस सैन्य परंपरा और श्रद्धा के साथ मनाया। सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित समारोह में पूर्व सैनिकों, सेवारत सैन्य अधिकारियों, वीर नारियों और उनके परिजनों ने नूरानांग के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
नूरानांग युद्ध में बटालियन के तीन अधिकारियों, चार जूनियर कमीशंड अधिकारियों, 148 अन्य रैंक के जवानों और सात गैर-लड़ाकू सैनिकों ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनके अदम्य साहस के लिए बटालियन को दो महावीर चक्र, सात वीर चक्र सहित कई वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। इसी शौर्य के सम्मान में बटालियन को युद्ध सम्मान ‘नूरानांग’ प्रदान किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि और नूरानांग युद्ध के प्रत्यक्षदर्शी पूर्व कैप्टन महेंद्र सिंह नेगी ने 17 नवंबर 1962 की ऐतिहासिक लड़ाई के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि 4 गढ़वाल राइफल्स की एक छोटी टुकड़ी ने नूरानांग में हजारों चीनी सैनिकों का मुकाबला करते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोके रखा था। उन्होंने राइफलमैन जसवंत सिंह रावत, महावीर चक्र (मरणोपरांत) के अदम्य साहस और 72 घंटे तक अकेले मोर्चा संभालने की वीरगाथा भी सुनाई।उन्होंने कहा कि नूरानांग केवल एक युद्ध नहीं, बल्कि गढ़वाली वीरों के शौर्य और बलिदान का जीवंत इतिहास है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड संस्कृति विभाग की नाटक मंचन टीम ने वीर रस से ओतप्रोत गढ़वाली गीतों और संगीत की प्रस्तुति दी। इस दौरान ब्रिगेडियर पीएस गुसाईं, ब्रिगेडियर प्रण लाल शाह, कर्नल अजय कोठियाल, विनोद खंडूरी सहित कई सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक और उनके परिजन मौजूद रहे।
इस अवसर पर बटालियन के पूर्व सैनिकों का एक दल पौड़ी गढ़वाल स्थित राइफलमैन जसवंत सिंह रावत के पैतृक गांव बाड्यू (दौनाऊ) पहुंचा और उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। समारोह का समापन वीर सैनिकों और वीर नारियों के सम्मान तथा राष्ट्र की अखंडता बनाए रखने की शपथ के साथ हुआ।








