संरक्षित खेती का प्रशिक्षण लेने पंतनगर रवाना हुए देहरादून के 28 किसान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बस को दिखाई हरी झंडी, पॉलीहाउस के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

देहरादून 17 नवंबर ।किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से देहरादून जिले के 28 किसानों का दल मंगलवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के लिए रवाना हुआ। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय से बस को हरी झंडी दिखाकर किसानों को रवाना किया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आधुनिक एवं तकनीक आधारित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। संरक्षित खेती आधुनिक कृषि की महत्वपूर्ण तकनीक है, जिसके माध्यम से कम भूमि और नियंत्रित वातावरण में बेहतर गुणवत्ता वाली फसलों का उत्पादन किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के खेतों में बड़े स्तर पर पॉलीहाउस का निर्माण करा रही है। इसका उद्देश्य किसानों को बेमौसमी सब्जियों, फूलों और अधिक मूल्य वाली फसलों के उत्पादन से जोड़ना है, ताकि मौसम की मार से फसलों को बचाने के साथ उनकी आय में वृद्धि की जा सके। पॉलीहाउस निर्माण के लिए सरकार किसानों को अनुदान भी उपलब्ध करा रही है, जिससे छोटे और युवा किसान इस तकनीक को अपनाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देकर खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में काम कर रही है। पंतनगर में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद किसान आधुनिक तकनीकों का उपयोग अपने खेतों में कर सकेंगे और दूसरे किसानों के साथ भी अपने अनुभव साझा करेंगे।

इस दौरान जिला उद्यान अधिकारी डॉ. डीके तिवारी सहित किसान मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें