देहरादून, 20 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित की जा रही ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ का शुभारंभ 22 अक्टूबर से प्रदेश के चारों कोनों से होगा। कांग्रेस ने यात्रा के लिए चार दल गठित किए हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर जनसंपर्क और कार्यकर्ता सम्मेलनों के माध्यम से यात्रा को आगे बढ़ाएंगे।
पहले दल की न्याय यात्रा का शुभारंभ 22 अक्टूबर को अल्मोड़ा स्थित गोलज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ होगा। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलकराज बेहड़ के संयुक्त नेतृत्व में यह दल रानीखेत, खैरना, भवाली और भीमताल होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगा। 23 अक्टूबर को लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता और खटीमा होते हुए रुद्रपुर तथा 24 अक्टूबर को गदरपुर, बाजपुर और काशीपुर होते हुए जसपुर पहुंचेगा। 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ इस चरण का समापन होगा।
दूसरे दल की यात्रा का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी और विधायक लखपत सिंह बुटोला करेंगे। यह दल 22 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद जोशीमठ और पीपलकोटी होते हुए चमोली पहुंचेगा। 23 अक्टूबर को नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग और गौचर होते हुए रुद्रप्रयाग में यात्रा आयोजित की जाएगी। 24 अक्टूबर को सतपुली, दुगड्डा और कोटद्वार में कार्यक्रम होंगे। 25 अक्टूबर को लैंसडाउन और बीरोंखाल में न्याय यात्रा निकाली जाएगी। 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी बैठक आयोजित की जाएगी।
तीसरे दल की न्याय यात्रा का नेतृत्व चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला करेंगे। 22 अक्टूबर को देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा निकाली जाएगी। 23 अक्टूबर को सहसपुर और विकासनगर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा होगी। 24 अक्टूबर को चकराता विधानसभा क्षेत्र के त्यूनी में न्याय यात्रा के साथ विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। 25 अक्टूबर को कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों तथा 26 अक्टूबर को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में यात्रा आयोजित की जाएगी। इसके बाद प्रीतम सिंह 27 और 28 अक्टूबर को गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र में प्रतिभाग करेंगे।
चौथे दल की न्याय यात्रा का नेतृत्व चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह, विधायक काजी निजामुद्दीन, विधायक ममता राकेश, विधायक फुरकान अहमद, विधायक रवि बहादुर, विधायक वीरेंद्र कुमार जाति और विधायक अनुपमा रावत करेंगे। 23 अक्टूबर को हरिद्वार शहर से यात्रा का शुभारंभ कर हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 24 अक्टूबर को खानपुर, मंगलौर और झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा होगी। 25 अक्टूबर को भगवानपुर, रुड़की और मंगलौर में न्याय यात्रा आयोजित की जाएगी, जबकि 30 अक्टूबर को लक्सर और ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा का समापन किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि अन्य विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा घेराव कार्यक्रम के बाद न्याय यात्रा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपनी सुविधा के अनुसार न्याय यात्रा के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि यात्रा में पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, एआईसीसी और पीसीसी सदस्य, अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में शामिल होंगे।









