देहरादून में निकलेगी उत्तराखंड न्याय यात्रा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 20 अक्टूबर। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार की नीतियों और प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं को लेकर प्रस्तावित उत्तराखंड न्याय यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला के नेतृत्व में देहरादून जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित न्याय यात्रा की रूपरेखा, यात्रा मार्ग और कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। यात्रा के दौरान जनसभाओं, नुक्कड़ सभाओं और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से लोगों से संवाद करने की योजना है।

प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड न्याय यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के अधिकार, सम्मान और न्याय की लड़ाई का अभियान है।

उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की समस्याएं सुनेंगे और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। साथ ही भाजपा सरकार की कथित विफलताओं को भी जनता के बीच रखा जाएगा। प्रीतम सिंह ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार की नीतियों का जवाब देने के लिए तैयार है और कांग्रेस न्याय यात्रा के माध्यम से परिवर्तन का संदेश घर-घर तक पहुंचाएगी।

बैठक में यात्रा को सफल बनाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा यात्रा के दौरान अधिक से अधिक लोगों से संपर्क करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, लालचंद शर्मा, राजकुमार, प्रदेश कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, महामंत्री राजेंद्र शाह, नवीन जोशी, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, संजय कनौजिया, एससी विभाग अध्यक्ष मदन लाल, प्रदेश सचिव अमेंद्र बिष्ट, सोनिया आनंद, प्रशांत खंडूरी, मनीष गौनियाल, रितेश जोशी, सुशांत बोहरा और मोहन सिंह खत्री सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें