
देहरादून 16 अक्टूबर ।संख्य योग फाउंडेशन की ओर से माया देवी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार दीक्षित को उनके शोध एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए ‘स्पिरिट ऑफ सेवा अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. मुकुल शर्मा और अरिहंत अस्पताल, देहरादून के निदेशक डॉ. अभिषेक जैन ने संयुक्त रूप से उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
डॉ. अनिल कुमार दीक्षित के 125 शोधपत्र स्कोपस और एल्सेवियर जैसे अंतरराष्ट्रीय शोध डाटाबेस से जुड़े शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा उनके तीन पेटेंट भी स्वीकृत हो चुके हैं।
कोरोना संक्रमण के दौर में सामाजिक दूरी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए डॉ. दीक्षित के प्रयासों का भी उल्लेख किया गया। उनके द्वारा दिए गए ‘दो गज की दूरी, छाते से होगी पूरी’ संदेश के माध्यम से सामाजिक दूरी बनाए रखने को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया था।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अनिल कुमार दीक्षित ने अपने छात्रों, शुभचिंतकों, सहकर्मियों, शिक्षकों और परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन सभी से मिलने वाली सकारात्मक ऊर्जा उन्हें निरंतर समाजसेवा और जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करती है।







