
देहरादून 15 अक्टूबर। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अंतर्गत राजकीय महिला प्रौद्योगिकी संस्थान (जीडब्ल्यूआईटी) में आयोजित दो दिवसीय आईईईई डे-2026 ‘नवरंग 2.0’ का रंगारंग समापन हुआ। समारोह में तकनीकी प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर, कुलसचिव डॉ. राजेश उपाध्याय, परीक्षा नियंत्रक डॉ. एसके गोयल, फैकल्टी ऑफ टेक्नोलॉजी के समन्वयक डॉ. विशाल रमौला और महिला प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलसचिव डॉ. आयुष जोशी मौजूद रहे। दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर ने विद्यार्थियों को आईईईई जैसे वैश्विक तकनीकी मंचों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विचारों के आदान-प्रदान, नेटवर्क निर्माण और अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक दायरे को व्यापक बनाने के लिए ऐसे मंचों का उपयोग करना चाहिए। तेजी से बदलते तकनीकी दौर में कक्षा से बाहर निकलकर कौशल, संपर्क और दृष्टिकोण विकसित करना जरूरी है।
इस अवसर पर जीडब्ल्यूआईटी आईईईई विद्यार्थी शाखा के दूसरे संस्करण के ई-न्यूजलेटर का विमोचन भी किया गया। न्यूजलेटर में विद्यार्थियों की तकनीकी गतिविधियों, उपलब्धियों और विभिन्न पहलों को स्थान दिया गया है।
आईईईई विद्यार्थी शाखा की शाखा सलाहकार एवं ईसीई विभागाध्यक्ष केसी मिश्रा ने शाखा की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। आईईईई महिला समूह की अध्यक्ष स्निग्धा असवाल ने शाखा की कार्यप्रणाली एवं उपलब्धियों से अवगत कराया। परीक्षा नियंत्रक डॉ. एसके गोयल ने विद्यार्थियों से आईईईई की विभिन्न सोसायटियों से जुड़कर तकनीकी ज्ञान बढ़ाने का आह्वान किया। कुलसचिव डॉ. राजेश उपाध्याय ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर बधाई दी।
दो दिवसीय आयोजन के दौरान कुल 24 प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पहले दिन 15 तकनीकी प्रतियोगिताएं हुईं, जबकि दूसरे दिन नौ सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न तकनीकी एवं रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
समापन समारोह में संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) शरद कुमार प्रधान, कुलसचिव डॉ. राजेश उपाध्याय, ईसीई विभागाध्यक्ष डॉ. शिल्पी मित्तल पंवार, केसी मिश्रा और डॉ. विशाल रमौला ने नवदुर्गा की आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में छात्राओं ने गरबा और अन्य पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां देकर सांस्कृतिक रंग बिखेरा। तकनीकी प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों के इस संगम ने आयोजन को विशेष बनाया। कार्यक्रम के अंत में आईईईई विद्यार्थी शाखा की अध्यक्ष आर्ची अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके बाद खुले मंच पर डांडिया का आयोजन हुआ।
आयोजकों ने अगले वर्ष होने वाले ‘नवरंग 3.0’ की तिथि भी घोषित की। यह आयोजन 5 से 8 अक्टूबर 2027 तक प्रस्तावित है। कार्यक्रम को सफल बनाने में आईईईई जीडब्ल्यूआईटी विद्यार्थी शाखा, आईईईई जीडब्ल्यूआईटी महिला इंजीनियरिंग समूह और आईईईई यूटीयू विद्यार्थी शाखा के सदस्यों के साथ आईईईई उत्तर प्रदेश अनुभाग और डब्ल्यूआईटी एलुमनाई एसोसिएशन का सहयोग रहा। शाखा सलाहकार केसी मिश्रा ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।








