
मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ की गंगा आरती, प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
हरिद्वार 12 अक्टूबर ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी पर मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। मुख्यमंत्री ने मां गंगा से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन के साथ ही देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।
नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा पूरी की है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त कर राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की कामना की।
गंगा पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने हरिद्वार के गंगा तट स्थित मेला नियंत्रण भवन में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में कैबिनेट सहयोगियों के साथ प्रतिभाग किया। बैठक से पहले गंगा पूजन और आरती को धार्मिक आस्था के साथ ही प्रधानमंत्री के दीर्घायु और देश की प्रगति के लिए मंगलकामना के रूप में देखा गया।
हरिद्वार में कैबिनेट बैठक का आयोजन सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसके तहत मंत्रिमंडल की बैठकों को केवल देहरादून तक सीमित न रखते हुए प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले चम्पावत के बनबसा में भी मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे।
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य शासन को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के और करीब ले जाना तथा स्थानीय आवश्यकताओं, विकास और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देना है। विभिन्न जनपदों में कैबिनेट बैठकों के आयोजन से क्षेत्रीय समस्याओं और विकास की जरूरतों पर शासन स्तर पर सीधे विचार-विमर्श के साथ जनहित के निर्णयों को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।









