माउंट मुकुट ईस्ट का ऐतिहासिक आरोहण कर लौटा संयुक्त अभियान दल, मुख्यमंत्री ने किया फ्लैग-इन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में पहली बार 7,000 मीटर से अधिक ऊंची चोटी फतह, शिखर पर फहराया 2,500 वर्ग फुट का उत्तराखंड ध्वज

देहरादून 12 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एचएमआई), दार्जिलिंग के संयुक्त पर्वतारोहण अभियान दल का फ्लैग-इन किया। एचएमआई के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी के नेतृत्व में दल ने 7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में 7,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली किसी पर्वत चोटी का यह पहला सफल आरोहण है।

मुख्यमंत्री ने अभियान दल के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि हिमालय की दुर्गम परिस्थितियों में यह सफलता पर्वतारोहियों के साहस, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और टीम भावना का परिचायक है। यह उपलब्धि भारतीय तटरक्षक बल के साथ पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान साहस, शौर्य और समृद्ध पर्वतारोहण परंपरा से जुड़ी है। राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित इस अभियान के दौरान माउंट मुकुट ईस्ट के शिखर पर 2,500 वर्ग फुट का विशाल उत्तराखंड ध्वज फहराया जाना प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन और पर्वतारोहण की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार युवाओं को पर्वतारोहण और साहसिक खेलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान युवाओं को कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय तटरक्षक बल समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बल के जवानों द्वारा हिमालय की ऊंचाइयों पर हासिल की गई यह उपलब्धि उनकी साहसिक क्षमता और उत्कृष्ट प्रशिक्षण को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि माउंट मुकुट ईस्ट अभियान से मिला अनुभव वर्ष 2027 में प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों में भी उपयोगी साबित होगा।

कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2027 में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करेगा। स्वर्ण जयंती के अवसर पर प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के तहत यह अभियान आयोजित किया गया था। 15 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक चले अभियान में संयुक्त दल ने माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण किया।

उन्होंने बताया कि एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के क्रम में दल इससे पहले सिक्किम हिमालय में माउंट बीसी रॉय और माउंट थिंचेनखांग का भी सफल आरोहण कर चुका है। इन अभियानों से पर्वतारोहियों को उच्च हिमालयी परिस्थितियों में अनुकूलन, तकनीकी दक्षता और सामूहिक समन्वय का महत्वपूर्ण अनुभव मिला है।

इस अवसर पर भारतीय तटरक्षक बल के अपर महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला, उप महानिरीक्षक हिमांशु नौटियाल, उप महानिरीक्षक डीएस चौहान, कमांडेंट अमित उनियाल, कमांडेंट विश्वजीत सिंह, एचएमआई के पासांग तेनजिंग शेरपा सहित अभियान दल के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें