
देहरादून 11 अक्टूबर। नगर निगम देहरादून के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत लक्ष्य सोसायटी ने रविवार को बेहल चौक स्थित ट्रैफिक सिग्नल पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की। अभियान के माध्यम से वाहन चालकों को वायु प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ वायु के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यशाला में वाहन चालकों को रेड लाइट पर प्रतीक्षा के दौरान अनावश्यक रूप से वाहन का इंजन चालू न रखने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि ट्रैफिक सिग्नल पर लंबे समय तक इंजन चालू रखने से ईंधन की खपत बढ़ती है और वाहनों से निकलने वाली हानिकारक गैसों के कारण वायु प्रदूषण भी बढ़ता है।
लक्ष्य सोसायटी के प्रतिनिधियों ने कहा कि रेड लाइट पर अधिक समय तक रुकने की स्थिति में यातायात नियमों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए इंजन बंद करना स्वच्छ वायु की दिशा में एक सरल पहल है। इससे ईंधन की बचत के साथ अनावश्यक उत्सर्जन को कम करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सकता है।
अभियान के दौरान नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों का अनावश्यक उपयोग कम करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई। लक्ष्य सोसायटी ने लोगों से रेड लाइट पर इंजन बंद करने की आदत अपनाने और स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित देहरादून के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।







