
गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों के प्रति जागरूकता और क्षमता निर्माण के लिए कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश
देहरादून 7 अक्टूबर ।मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की राज्य स्तरीय समिति की बैठक हुई। बैठक में राज्य में मानकीकरण, गुणवत्ता प्रबंधन और उपभोक्ता हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सरकारी खरीद में निर्धारित खरीद नियमों के साथ संबंधित बीआईएस मानकों और गुणवत्ता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी खरीद में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। इसके लिए बीआईएस संबंधित विभागों के साथ कार्यशालाएं आयोजित करने के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी करे।
उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों के प्रति जागरूकता और क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उद्योगों और व्यापारियों के साथ भी कार्यशालाएं आयोजित कर उन्हें बीआईएस मानकों और गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों की जानकारी देने को कहा। विभागीय अधिकारियों और कार्मिकों के लिए नियमित कार्यशालाओं में बीआईएस विशेषज्ञों और सक्षम विशेषज्ञों को शामिल करने के निर्देश देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि क्षमता निर्माण को निरंतर प्रक्रिया के रूप में आगे बढ़ाया जाए।
मुख्य सचिव ने बीआईएस से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश और सूचनाएं सभी संबंधित विभागों तक पहुंचाने तथा संबंधित सचिवों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करने को कहा। उन्होंने जिलाधिकारियों के साथ होने वाली बैठकों में भी बीआईएस की ओर से प्रस्तुतिकरण कराने के निर्देश दिए, ताकि जिला स्तर पर भी गुणवत्ता मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता मिल सके।
उन्होंने उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के संबंध में जागरूक करने पर भी जोर दिया। इसके लिए बीआईएस केयर ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि इस ऐप के माध्यम से उपभोक्ता उत्पादों पर अंकित आईएसआई चिह्न और लाइसेंस नंबर, इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के आर-नंबर तथा स्वर्ण आभूषणों के एचयूआईडी नंबर का सत्यापन कर सकते हैं। इसके अलावा मानकों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने और नकली आईएसआई चिह्न या अन्य अनियमितताओं की ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज की जा सकती है।
बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनई, बीआईएस के उपमहानिदेशक दीपक कुमार सिंघला, निदेशक एवं डीएचबीओ हेमंत बी. अदे, अपर सचिव नवनीत पाण्डेय, रुचि मोहन रयाल, झरना कामठान, इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के पंकज गुप्ता, सीसीआईआर-सीबीआरआई रुड़की के डॉ. नवल किशोर बंजारा, आईआईटी रुड़की के डॉ. आशुतोष शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









