लोकतंत्र बचाओ-वोट बचाओ’ को लेकर देहरादून में संयुक्त मार्च,

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 8 अक्टूबर ।मतदाता अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन के घटक दलों और सिविल सोसाइटी संगठनों ने गुरुवार को देहरादून में ‘लोकतंत्र बचाओ-वोट बचाओ’ संयुक्त मार्च निकाला। महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन, राजपुर रोड से जुलूस के रूप में गांधी पार्क पहुंचे। यहां इंडिया गठबंधन के विभिन्न घटक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मार्च में शामिल हुए।

मार्च गांधी पार्क से नारेबाजी करते हुए घंटाघर पहुंचा, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। इसके बाद कार्यकर्ता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष पहुंचे, जहां मार्च सभा में परिवर्तित हो गया। इस दौरान वक्ताओं ने आठ अक्टूबर को लोकतंत्र के इतिहास का ‘काला दिवस’ बताते हुए मतदाता सूची, मतदाता अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों के पारदर्शी एवं सार्वजनिक समाधान की मांग की।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और आम मतदाता के वोट के अधिकार को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर महानगर देहरादून में इंडिया गठबंधन के घटक दल एकजुट होकर जनता के बीच अपनी आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक अधिकारों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जा सकता। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाया गया है तो उसकी पारदर्शी समीक्षा और उचित समाधान होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इंडिया गठबंधन की ओर से तय किए जाने वाले सभी कार्यक्रमों को मजबूती से जनता के बीच ले जाया जाएगा और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

सभा को संबोधित करते हुए कामरेड इंद्रेश मैखुरी ने मतदाता सूची से हटाए गए नामों की समीक्षा करने और पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़ने की मांग की। कामरेड समर भंडारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर गठबंधन की ओर से उठाए जा रहे सवालों का उल्लेख किया। सीटू नेता लेखराज ने कहा कि चुनाव आयोग की जवाबदेही और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. एसएन सचान ने कहा कि मतदाता अधिकारों से जुड़े सवालों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए पारदर्शिता जरूरी है। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने चुनावी प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली तकनीकी व्यवस्था ईसीआई-नेट को लेकर उठ रहे सवालों पर चुनाव आयोग से स्पष्ट और सार्वजनिक जवाब देने की मांग की।

सभा को कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, सुजाता पॉल, इंसानियत मंच के संयोजक डॉ. रवि चोपड़ा, सीपीआई (एम) जिला सचिव शिव प्रसाद देवली सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का अधिकार सर्वोपरि है और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता व जवाबदेही लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जरूरत है।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस प्रवक्ता एवं इंडिया गठबंधन के संयोजक शीशपाल सिंह बिष्ट ने मार्च में शामिल राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, सिविल सोसाइटी प्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार जताया।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राकेश सिंह नेगी, प्रदेश प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी और प्रतिमा सिंह, मोहन काला, सुलेमान अली, अरुण शर्मा, अनुराग मित्तल, संजय भारती, प्रमोद गुप्ता, अर्जुन पासी, ललित बद्री, सुनील जायसवाल, वीरेंद्र पंवार, सैयद जमाल, गुलशन कुमार, हिमांशु कटारिया, अनूप सक्सेना, अभिषेक पासी, अनुराग गुप्ता और अल्ताफ अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें