
प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सेवा संकल्प सभा में लिया विकसित भारत के निर्माण का संकल्प
उत्तरकाशी 7 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और शक्ति मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने ऐतिहासिक रामलीला मैदान में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा और सेवा संकल्प सभा में प्रतिभाग किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का प्रसारण भी देखा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ढाई दशक के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बाबा केदार की धरती से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था। इसी दिशा में राज्य में सड़क, रेल और हवाई संपर्क का विस्तार करने के साथ उद्योग, पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी हुई है। इस अवधि में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। होटल और होमस्टे की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर रहा है। राज्य को लगातार चार वर्षों से मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का सम्मान मिला है और उत्तराखंड ने पूर्ण साक्षर राज्य बनने की उपलब्धि भी हासिल की है। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के प्रयासों के चलते इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तरकाशी जिले में 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इनमें 26 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 24 योजनाओं पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने के साथ सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून, भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के चलते पिछले लगभग पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां मिली हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ और मां शक्ति का यह पवित्र स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण की मांग का परीक्षण कराने की बात कही। भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी देते हुए उन्होंने इसके शीघ्र अनुमोदन के प्रयास का आश्वासन दिया। डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरि महाराज सौड़ बुग्याल के विकास एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने तथा जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, विधायक पुरोला दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण और केदार सिंह रावत, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।









