9 से 15 अक्टूबर तक मनाया जाएगा राष्ट्रीय डाक सप्ताह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 6 अक्टूबर। डाक विभाग की ओर से आमजन और कारोबारियों को डाक सेवाओं की आधुनिक, डिजिटल एवं जनहितैषी पहलों से जोड़ने के उद्देश्य से 9 से 15 अक्टूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान हर दिन अलग-अलग थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस के अवसर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ सभी डाकघरों में बैनर और डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से राष्ट्रीय डाक सप्ताह का प्रचार किया जाएगा। इस वर्ष की थीम ‘एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएं’ रखी गई है।

12 अक्टूबर को फिलाटेली दिवस पर विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम, दीनदयाल स्पर्श योजना और ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी दी जाएगी। फिलाटेली कार्यशाला, समूह चर्चा और अन्य गतिविधियां भी होंगी।

13 अक्टूबर को वित्तीय समावेशन एवं नागरिक केंद्रित सेवाएं दिवस के तहत उपमंडल और प्रधान डाकघरों में डाक चौपाल आयोजित की जाएंगी। इनमें डाकघर बचत बैंक, डाक जीवन बीमा और आधार सेवाओं की जानकारी देने के साथ सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नुक्कड़ नाटक और सुधार उत्सव भी आयोजित होंगे।

14 अक्टूबर को डाक एवं पार्सल दिवस पर बड़े ग्राहकों और डाक विभाग के साथ काम कर रहे छोटे कारोबारियों की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी। रेल डाक सेवा कार्यालयों में कर्मचारियों के लिए छंटाई प्रतियोगिता भी होगी।

15 अक्टूबर को प्रौद्योगिकी एवं नवाचार दिवस पर कर्मचारियों और ग्राहकों के लिए तकनीकी प्रश्नोत्तरी आयोजित की जाएगी। ‘एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएं’ थीम पर पोस्टाथॉन वॉक/रन के साथ डाकघरों में आधुनिक सेवाओं और तकनीकी सुविधाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।

राष्ट्रीय डाक सप्ताह के दौरान डाक सेवाओं की भूमिका और सामाजिक-आर्थिक विकास में विभाग के योगदान के प्रति लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही सभी डाकघरों, डाक कार्यालयों और प्रशासनिक कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर पुराने होर्डिंग और अनुपयोगी सूचनाएं हटाई जाएंगी तथा कार्यालयों को स्वच्छ और व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें