
सह-प्रभारियों से भी चुनावी रणनीति और मीडिया अभियान को लेकर किया संवाद
देहरादून 02 अगस्त। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) द्वारा उत्तराखंड की मीडिया इंचार्ज नियुक्त की गईं पंखुड़ी पाठक ने बुधवार को उत्तराखंड कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह से मुलाकात की। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में कांग्रेस के मीडिया और संचार अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
पंखुड़ी पाठक ने चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के साथ ही उत्तराखंड कांग्रेस के सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव से भी मुलाकात की। बैठक में प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य, चुनावी रणनीति और मीडिया के माध्यम से पार्टी के जनसरोकारों एवं मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने पर विचार-विमर्श हुआ।
इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश में पार्टी की मीडिया और संचार रणनीति को अधिक प्रभावी और समन्वित बनाने की दिशा में यह मुलाकात महत्वपूर्ण रही।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन, मीडिया विभाग की सक्रिय भूमिका और जमीनी मुद्दों को प्रमुखता देने के साथ कांग्रेस अपने संदेश को जनता के बीच और मजबूती से पहुंचाएगी।
गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि उत्तराखंड के जनसरोकारों, भाजपा सरकार की नीतियों से प्रभावित आम जनता के मुद्दों तथा कांग्रेस की नीतियों और आगामी चुनावी एजेंडे को तथ्यों के साथ मजबूती से जनता के सामने रखना मीडिया विभाग की प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि पंखुड़ी पाठक के अनुभव, ऊर्जा और रणनीतिक दृष्टिकोण से उत्तराखंड में कांग्रेस के मीडिया अभियान को नई गति और धार मिलेगी।
मुलाकात के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा और वीरेंद्र पोखरियाल भी मौजूद रहे।







