पहली बार फ्री-टू-एयर टीवी पर प्रसारित होगा इंडियन आइडल 16

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


7 सितंबर से सोनी पल पर दिखेगा नया सीजन, श्रेया घोषाल, विशाल ददलानी और बादशाह होंगे जज

मुंबई 02 सितंबर 2026। देश के लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल का 16वां सीजन पहली बार फ्री-टू-एयर टेलीविजन प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जाएगा। शो का प्रीमियर 7 सितंबर से सोनी पल पर होगा। दर्शक इसे सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे देख सकेंगे।

इंडियन आइडल 16 का फ्री-टू-एयर प्लेटफॉर्म पर प्रसारण इस सीजन को खास बना रहा है। सोनी पल के प्राइम टाइम लाइन-अप में शामिल होने के बाद देशभर के अधिक से अधिक दर्शकों तक इस लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो की पहुंच होगी।

इस बार शो की थीम ‘यादों की प्लेलिस्ट’ रखी गई है। 82 एपिसोड के इस सीजन में देशभर से चुने गए 18 प्रतिभाशाली गायक अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। शो में अलग-अलग पीढ़ियों की यादों से जुड़े लोकप्रिय और यादगार गीतों के जरिए संगीत और भावनाओं का संगम देखने को मिलेगा। प्रतियोगियों की गायकी के साथ उनके व्यक्तिगत और प्रेरणादायक सफर को भी दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा।

इस सीजन के जजों के पैनल में भारतीय संगीत जगत के तीन चर्चित नाम श्रेया घोषाल, विशाल ददलानी और बादशाह नजर आएंगे। तीनों जज अपने अनुभव और संगीत की समझ के आधार पर प्रतिभागियों की आवाज, गायकी और मंचीय प्रस्तुति का आकलन करेंगे। वहीं, आदित्य नारायण एक बार फिर शो के होस्ट की भूमिका निभाएंगे।

सोनी पल के एक प्रवक्ता ने कहा कि इंडियन आइडल 16 का फ्री-टू-एयर प्रीमियर चैनल और देशभर के दर्शकों के लिए महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से अधिक से अधिक परिवार प्रतिभाशाली गायकों, यादगार संगीत और भावनाओं से भरे इस सफर का आनंद ले सकेंगे।चैनल का कहना है कि इंडियन आइडल 16 को अपने प्लेटफॉर्म पर लाने का उद्देश्य देशभर के दर्शकों तक प्रीमियम और गुणवत्तापूर्ण मनोरंजन को आसान पहुंच के साथ उपलब्ध कराना है।

Leave a Comment

और पढ़ें