
गोलाकार एलईडी फ्लोर, 100 टैबलेट और हर कोने में कैमरे होंगे सेट की खासियत
मुंबई 02सितंबर 2026। स्टार प्लस का नया गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ अपने अनोखे और हाई-टेक सेट को लेकर चर्चा में है। शो के लिए एक विशाल एम्फीथिएटर शैली का एरीना तैयार किया गया है, जहां देश के अलग-अलग हिस्सों और विभिन्न पेशों से आए 100 प्रतियोगी एक साथ खेलते नजर आएंगे।
शो में अनिल कपूर इस विशाल एरीना के बीचों-बीच नजर आएंगे और प्रतियोगियों के साथ बातचीत करेंगे। इनमें छात्र, गृहिणियां और दुकानदारों से लेकर यूट्यूबर्स, जादूगर और रियल एस्टेट एजेंट तक शामिल होंगे। गांवों, छोटे शहरों और महानगरों से आए प्रतिभागी अपनी अलग-अलग कहानियों और अनुभवों के साथ शो का हिस्सा बनेंगे।
सेट की खास बात यह है कि इसके हर कोने में कैमरे लगाए गए हैं, जिससे प्रतियोगियों की घबराहट, उलझन, रणनीति और जीत की खुशी का हर पल कैमरे में कैद हो सकेगा। प्रतियोगियों के लिए 100 अलग-अलग टैबलेट भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से वे हिंदी या अंग्रेजी में गेम खेल सकेंगे।
एरीना में लगे बड़े एलईडी स्क्रीन प्रतियोगियों को गेम से जोड़े रखेंगे। वहीं, हर प्रतिभागी की स्टेटस लाइट गेम में उनकी स्थिति के अनुसार बदलती रहेगी। गेम में बने रहने, बाहर होने या पास का इस्तेमाल करने के आधार पर यह लाइट नीले से लाल रंग में बदलकर एरीना का माहौल और रोमांचक बनाएगी।
सेट की सबसे बड़ी विशेषताओं में गोलाकार एलईडी फ्लोर शामिल है। इस फ्लोर पर गेम के ग्राफिक्स और बदलते प्रतिशत दिखाई देंगे। जैसे-जैसे प्रतियोगी ‘टॉप 1%’ के करीब पहुंचेंगे, एरीना का दृश्य भी उनके सफर के साथ बदलता नजर आएगा।
शो की सेट डिजाइनर वर्षा जैन ने बताया कि सेट को तैयार करने से पहले करीब दो से तीन महीने तक विभिन्न विकल्पों पर काम किया गया। जगह तय होने के बाद सैकड़ों लोगों की टीम ने करीब एक महीने में इस विशाल एरीना को तैयार किया। उन्होंने कहा कि सेट को आधुनिक और भव्य बनाने के साथ-साथ मजेदार, सहज और अपनापन भरा रखने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
वर्षा जैन के अनुसार, प्रतियोगियों की बदलती स्टेटस लाइट और गोलाकार एलईडी फ्लोर सेट की सबसे खास विशेषताओं में शामिल हैं, जो प्रतिभागियों के ‘टॉप 1%’ तक पहुंचने के सफर को जीवंत बनाते हैं।
‘बात खटकी तो जीत पक्की!’ के मंत्र के साथ ‘इंडिया के टॉप 1%’ का प्रसारण 19 सितंबर से रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।







