
देहरादून, 3 अगस्त। उत्तराखंड की समृद्ध लोक हास्य परंपरा के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी तक इसके प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से घन्ना भाई फाउंडेशन की ओर से 4 अगस्त को लोक हास्य दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन अपराह्न 3 बजे संस्कृति विभाग उत्तराखंड के प्रेक्षागृह, देहरादून में होगा।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में लोक संस्कृति, हास्य कला और सामाजिक मूल्यों को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। उनका कहना है कि हास्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, भाईचारा, एकता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का प्रभावी साधन भी है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, कला एवं संस्कृति तथा सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कम से कम चार विशिष्ट विभूतियों को प्रतिष्ठित ‘घन्ना भाई सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन का मुख्य आकर्षण उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली पर आधारित विशेष लोक हास्य नाटक का मंचन होगा। साथ ही प्रदेश के नवोदित हास्य कलाकारों, कॉमेडियन और रंगकर्मियों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलेगा।
कार्यक्रम में साहित्य, रंगमंच, संगीत, कला और सामाजिक-सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक वरिष्ठ कलाकार, साहित्यकार, रंगकर्मी, संगीतकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी भाग लेंगे। फाउंडेशन का उद्देश्य लोक हास्य की परंपरा को नई ऊर्जा देना और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।
फाउंडेशन ने प्रदेशवासियों, कला प्रेमियों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें तथा उत्तराखंड की समृद्ध लोक हास्य परंपरा के संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।






