देहरादून, 3 अगस्त। चेहलुम के जुलूस के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने 4 अगस्त को दोपहर 2 बजे से विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। जुलूस के दौरान शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात को चरणबद्ध तरीके से डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार 3, 5, 8 और 2 नंबर रूट के विक्रम, सिटी बसों एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों को रेसकोर्स चौक, रेलवे गेट, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और बिंदाल पुल से वापस भेजा जाएगा।
प्रेमनगर और कैंट से आने वाले विक्रम भी बिंदाल पुल से डायवर्ट रहेंगे।जुलूस के करनपुर से शुरू होने, सर्वे चौक, रोजगार तिराहा, लैन्सडाउन चौक, दर्शनलाल चौक और तहसील चौक से गुजरने के दौरान संबंधित मार्गों पर यातायात अस्थायी रूप से रोका या वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।
कनक चौक, पैसिफिक तिराहा, बुद्धा चौक, ओरिएंट चौक, घंटाघर, दून चौक और प्रिंस चौक क्षेत्र में भी यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।पुलिस ने बताया कि जुलूस के आगे बढ़ने के साथ ही जिन मार्गों से जुलूस गुजर जाएगा, वहां स्थिति सामान्य होने पर यातायात तुरंत बहाल कर दिया जाएगा।
देहरादून पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मंगलवार को दोपहर 2 बजे के बाद शहर में यात्रा करने से पहले जारी ट्रैफिक रूट प्लान का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर पुलिस का सहयोग करें।





