2019 से 2026 के बीच 36 देशों से 274 भगोड़े अपराधियों को भारत लाया गया: केंद्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली 4 अगस्त ।केंद्र सरकार ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में वर्ष 2019 से 2026 के बीच 36 देशों से कुल 274 भगोड़े अपराधियों को भारत वापस लाया गया है। सरकार के अनुसार भगोड़ों के प्रत्यर्पण को पहली बार राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाकर मिशन मोड में कार्रवाई की गई है।

सरकार ने कहा कि पहले की सरकारों में भगोड़े अपराधियों को वापस लाने के लिए आवश्यक राजनीतिक इच्छाशक्ति का अभाव था, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून व्यवस्था, आर्थिक स्थिरता और देश की संप्रभुता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय मानते हुए विशेष रणनीति अपनाई।
केंद्र के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में भारत ने भगोड़ों के खिलाफ एकीकृत, खुफिया-आधारित और प्रौद्योगिकी-संचालित मॉडल विकसित किया है। इस अभियान को तीन प्रमुख स्तंभों—वैश्विक अभियान, विभिन्न एजेंसियों के बीच मजबूत समन्वय और प्रभावी कूटनीति—के आधार पर आगे बढ़ाया गया।
सरकार ने बताया कि भगोड़े अपराधियों की वापसी की प्रक्रिया को मिशन मोड में संचालित करने के लिए कई कानूनी और संस्थागत प्रावधान किए गए। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय सहयोग को भी मजबूत किया गया।
केंद्र सरकार के अनुसार पिछले तीन वर्षों में इंटरपोल द्वारा 401 भगोड़े अपराधियों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए गए, जिससे भारत के प्रत्यर्पण प्रयासों को गति मिली।सरकार का कहना है कि भगोड़े अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें