









देहरादून, 2 अगस्त। स्टेट यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (एसयूडब्ल्यूजे) जिला इकाई देहरादून के शपथ ग्रहण समारोह में नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने दायित्वों और जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली। कार्यक्रम
राजपुर रोड स्थित नारायण मुनि भवन में रविवार को आयोजित समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार संतोष आनंद ने की। जिला अध्यक्ष सूर्य प्रकाश ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि सुनील अग्रवाल ने कहा कि समाज की दिशा और दशा तय करने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा पत्रकार की लेखनी आज भी विश्वसनीयता की कसौटी मानी जाती है।
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ प्रदेश संघ प्रचारक संजय जी ने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य व्यक्तिगत हित नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज का हित होना चाहिए। उन्होंने पत्रकारिता के मूल उद्देश्यों और मूल्यों को बनाए रखने पर जोर दिया।
एसयूडब्ल्यूजे के प्रदेश अध्यक्ष शंकर दत्त शर्मा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए पत्रकारिता को सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए, जिससे इसकी गरिमा बनी रहे।
कार्यक्रम में राज्य पत्रकार संरक्षण समिति के सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा, सतेन्द्र चौहान और कुलदीप सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए नवगठित जिला इकाई को शुभकामनाएं दीं।
समारोह के अंत में एसयूडब्ल्यूजे के प्रदेश संयोजक वरिष्ठ पत्रकार नारायण भट्ट, जिला महामंत्री पंकज भार्गव एवं चेतन सिंह खड़का ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आमंत्रित अतिथियों, वरिष्ठ पत्रकारों तथा यूनियन के नवनियुक्त पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
पवन रावत के संचालन में हुए कार्यक्रम में शिव प्रसाद सती, पीताम्बर कुमार, सतीश पुंडिर, उमाशंकर कुकरती, नीता शर्मा, लक्ष्मी बहुगुणा, मनु सब्बरवाल, संजय सुमिताभ, कपिल गर्ग, चिरंजीव सहगल, आदित्य मलिक, लक्ष्मी बिष्ट, सत्येन्द्र कुमार चौहान, इन्द्र कुमार अरोड़ा, निधि अरोड़ा, कृष्ण कुमार सेमवाल, विनोद रावत, चन्द्रकला काला सहित पत्रकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







