नंदा की चौकी पुल सुरक्षित, एप्रोच रोड धंसी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया है कि देहरादून के नंदा की चौकी पर नवनिर्मित पुल पूरी तरह सुरक्षित है। लगातार भारी बारिश के कारण पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा धंस गया है, जिसे युद्ध स्तर पर ठीक किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बीती रात हुई तेज बारिश के दौरान एप्रोच रोड के नीचे से मलबा बह जाने के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया। पुल की संरचना को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। मुख्य अभियंता को मौके पर भेजकर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है और जल्द यातायात बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सचिव ने कहा कि घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में किसी अधिकारी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि तेज बहाव को नियंत्रित करने के लिए नदी की धारा मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है और सिंचाई विभाग के अधिकारी भी मौके पर तैनात हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं भी नई बनी सड़क के समय से पहले क्षतिग्रस्त होने पर उसके कारणों की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि प्रदेशभर में बारिश से बंद सड़कों को खोलने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। बंद मार्गों की स्थिति विभागीय पोर्टल पर लाइव अपडेट की जा रही है और प्रयास है कि सभी सड़कें 24 घंटे के भीतर यातायात के लिए खोल दी जाएं। उन्होंने यह भी बताया कि देहरादून-मसूरी मार्ग पर एक नए जल स्रोत के कारण लगातार मलबा आ रहा है, जहां विभागीय टीम मशीनों के साथ तैनात है।

Leave a Comment

और पढ़ें